दो दिन से तैर रहे सर्प को वन विभाग ने सुरक्षित निकाल जंगल में छोड़ा
कोरबा। कोरबा-पश्चिम क्षेत्र के हरदी बाजार में एक घर के कुएं में गिरे जहरीले ‘अहिराज’ सर्प का वन विभाग की टीम ने सफल रेस्क्यू किया। सर्प पिछले दो दिनों से कुएं में गिरा हुआ था। समय रहते की गई कार्रवाई से एक ओर जहां मानव सुरक्षा सुनिश्चित हुई, वहीं वन्यजीव संरक्षण के प्रति विभाग की संवेदनशीलता भी सामने आई।
जानकारी के अनुसार, हरदी बाजार निवासी दीपक टंडन के घर के कुएं में ‘अहिराज’ सर्प गिर गया था। पहले दिन परिवार ने मानवीय पहल करते हुए कुएं में बाल्टी लटका दी, ताकि सर्प स्वयं बाहर निकल सके, लेकिन अगले दिन भी वह कुएं में तैरता मिला। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को दी गई।
रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी ने इसकी जानकारी कटघोरा वन मंडल के डीएफओ कुमार निशांत को दी। उनके मार्गदर्शन में टीम सुबह 6 बजे करीब 34 किलोमीटर दूर हरदी बाजार के लिए रवाना हुई। गांव पहुंचकर निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद सर्प को बाल्टी की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के बाद सर्प को विशेष थैले में रखकर सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ दिया गया। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की स्थिति में स्वयं जोखिम न लें और तुरंत विभाग को सूचना दें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















