अंतर-डाइट प्रतियोगिता में डाइट कोरबा का शानदार प्रदर्शन: खेल- सांस्कृतिक दोनों क्षेत्रों में बाजी मारी,जिले का नाम किया रोशन

कोरबा। डाइट अंबिकापुर में 26 से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित क्षेत्रीय अंतर-डाइट खेल, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में डाइट कोरबा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई श्रेणियों में उत्कृष्ट स्थान हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में क्षेत्र की 7 डाइट्स एवं 1 बीटीआई के कुल 120 छात्राध्यापकों ने उत्साहपूर्ण भागीदारी की। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य डी.एल.एड. छात्र-छात्राओं एवं अकादमिक सदस्यों में खेल भावना, सांस्कृतिक चेतना तथा रचनात्मक प्रतिभा का विकास करना था।

खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन:

अगिस्ता टोप्पो ने 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ एवं 80 मीटर रोप स्किपिंग रेस में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

गणेश बिंझवार ने डिस्कस थ्रो में प्रथम स्थान तथा शॉट पुट थ्रो में द्वितीय स्थान अर्जित किया।

जितेंद्र बिंझवार ने 100 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद में द्वितीय स्थान, जबकि 200 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान हासिल किया।

दुर्गेश्वरी रात्रे ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में छाया:

डाइट कोरबा की टीम ने नृत्य-नाटिका में प्रथम स्थान प्राप्त कर दर्शकों का मन मोह लिया।

अकादमिक वर्ग में भी बढ़ाया मान:

खेल प्रभारी एवं इंटर डाइट प्रतियोगिता की मेंटर श्रीमती जसप्रीत कौर फ्लोरा ने एकल गायन, बेस्ट प्रैक्टिस प्रस्तुतीकरण एवं बैडमिंटन (सिंगल्स) में द्वितीय स्थान हासिल कर संस्थान को गौरवान्वित किया।

प्रतियोगिता के दौरान डाइट कोरबा के प्राचार्य रामहरि शराफ, पीएसटीई प्रभारी  लखन लाल धीवर तथा व्याख्याता एवं स्पोर्ट्स प्रभारी श्रीमती जसप्रीत कौर फ्लोरा विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे और उनका उत्साहवर्धन किया। टीम के कोच प्रदीप सिंह एवं गोविंद यादव के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से ही यह उल्लेखनीय सफलता मिली।

डाइट कोरबा की इस उपलब्धि से पूरे संस्थान एवं जिले में हर्ष का वातावरण है। यह सफलता संस्थान की निरंतर प्रगति, अनुशासन, परिश्रम एवं समर्पण का जीता-जागता प्रमाण है।