पुष्य नक्षत्र में बच्चों को कराया गया स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार

‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत इम्यूनाइजेशन शिविर आयोजित

कोरबा। ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के अंतर्गत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु “बच्चे रहे स्वस्थ” योजना के अंतर्गत स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम 28 फरवरी 2026, शनिवार को पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका स्थित पतंजलि चिकित्सालय परिसर में संपन्न हुआ।

शिविर में नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम के तहत बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन ड्रॉप्स पिलाकर आयुर्वेद पद्धति से टीकाकरण किया।

डॉ. शर्मा ने बताया कि सर्दी के विदाई और गर्मी के आगमन के बीच का समय ‘संधिकाल’ कहलाता है। इस दौरान बाहरी प्रकृति में बदलाव के साथ शरीर के अंदर भी परिवर्तन होता है, जिससे सर्दी, खांसी, बुखार, वमन, अतिसार एवं चक्कर जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इसका प्रभाव विशेष रूप से बच्चों पर पड़ता है, क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कम होती है।

उन्होंने कहा कि स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार से बच्चों की पाचन क्रिया संतुलित होती है, धातुएं पुष्ट होती हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है, जिससे वे ऋतु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रहते हैं।

कार्यक्रम में श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा सहित नेत्रनंदन साहू, कमल धारिया, अश्वनी बुनकर, सिद्धराम शाहनी, राकेश इस्पात, देवबली कुंभकार एवं पंचकर्म तकनीशियन रूबी की विशेष उपस्थिति रही।

आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्यवर्धक शिविर आयोजित करने की बात कही।