कोरबा। शहर में चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद मौज-मस्ती करने गोवा भागे तीन आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी उपमार्ग स्थित साडा अड्डा कैफे में गुरुवार सुबह चोरी का खुलासा हुआ। दुकान का शटर आधा खुला और ताला टूटा मिला। सफाईकर्मी ने संचालक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
मानिकपुर चौकी पुलिस ने श्वान दल की मदद से जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुड़ापार पीएम आवास कॉलोनी निवासी राजू दास और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि राजू गिरोह का सरगना है और नाबालिगों से चोरी करवाता था।
एक ही रात में 3 दुकानों के ताले तोड़े
आरोपियों ने साडा अड्डा के अलावा टीपी नगर क्षेत्र की एक बैटरी दुकान और एक अन्य दुकान का ताला तोड़कर नकदी पार की। तीनों ने एक ही रात में तीन वारदातों को अंजाम दिया।
चोरी के पैसों से खरीदे ब्रांडेड कपड़े
पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद आरोपियों ने 3-4 हजार रुपए के शर्ट, 2 हजार रुपए की जीन्स और ब्रांडेड जूते खरीदे। इसके बाद वे गोवा घूमने निकल गए। वहां पैसे खत्म होने पर वापस कोरबा लौट आए। होली कार्यक्रम के लिए 2-2 हजार रुपए के पास भी खरीद रखे थे।
चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए सीएसईबी चौकी पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पुलिस अन्य वारदातों में भी उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















