कोरबा।एसईसीएल के दीपका एरिया सभागार में सेवानिवृत्त कामगारों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दीपका एरिया के महाप्रबंधक संजय मिश्रा ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनके दीर्घ सेवा काल की सराहना की।
समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने परिवारजनों के साथ उपस्थित रहे। इस अवसर पर कर्मियों ने कंपनी में बिताए वर्षों के अनुभव साझा किए और अपने सेवा काल की स्मृतियों को ताजा किया।
महाप्रबंधक संजय मिश्रा ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी भी कर्मचारी के जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नई पारी की शुरुआत है। उन्होंने कहा, “आपने वर्षों तक ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ कंपनी की सेवा की है। आपकी मेहनत और योगदान से दीपका एरिया ने निरंतर प्रगति की है। कंपनी आपके योगदान को सदैव स्मरण रखेगी।”
उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को परिवार, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत रुचियों को प्राथमिकता देने की सलाह देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में एसईसीएल की विभिन्न समितियों के सदस्य, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, सलाहकार तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रबंधन ने इस अवसर पर यह भी कहा कि सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों के स्थान पर नई भर्तियों की आवश्यकता है, ताकि कार्य व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















