एचटीपीएस पश्चिम: सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों का दीर्घ सेवा सम्मान

कोरबा।हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम से माह फरवरी में अधीक्षण अभियंता आनंद स्वरूप ओझा, कनिष्ठ पर्यवेक्षक राकेश नितिन सिंह, गोवर्धन रावत एवं घनश्याम साहू सेवानिवृत्त हो गए। सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पावर कंपनी परिवार की ओर से भावभीनी विदाई दी गई।

श्रम कल्याण केंद्र में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में अध्यक्ष मुख्य अभियंता एच.के. सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए पावर कंपनी की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों ने 36 से 43 वर्षों तक निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दीं, जो संस्थान के लिए गौरव का विषय है।

समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों को स्मृतिचिह्न एवं सेवा प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. पांडे, के.एन.बी. राव, पी.के. जोशी, ए.के. शाह, एस.सी. पाठक, एस.के. नायर, परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या एवं वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ ए.के. कुरनाल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने दीर्घ कार्यकाल के अनुभव साझा किए और संस्थान के साथ बिताए वर्षों को यादगार बताया। कार्यक्रम का संचालन कल्याण अधिकारी सुरेश सिंह कंवर ने किया। समारोह के अंत में सभी ने सेवानिवृत्त कर्मियों के स्वस्थ, सुखमय और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।