कोरबा। नेशनल हाईवे-130 (कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग) पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। तेज रफ्तार वाहनों की वजह से होने वाले हादसों, खासकर बिना डिवाइडर वाले हिस्सों में आमने-सामने की टक्करों को देखते हुए पुलिस अब स्पीडोमीटर और स्पीड राडार के साथ हाईवे पर सक्रिय हो गई है।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर एएसपी कोरबा लखन पटले और एएसपी कटघोरा नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में ट्रैफिक टीम ने अलग-अलग पॉइंट्स पर चेकिंग शुरू कर दी है।
बांगो क्षेत्र में सड़क किनारे स्पीडोमीटर से वाहनों की गति मापी जा रही है और मौके पर ही ओवरस्पीड पाए जाने पर कार्रवाई की जा रही है। वहीं कटघोरा से पाली के बीच भी स्पीड राडार लगे वाहनों के जरिए भारी वाहनों की रफ्तार पर नजर रखी जा रही है।
ओवरस्पीड में पकड़े गए वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिकों को ई-चालान जारी किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ब्लैक स्पॉट्स पर पहले से जरूरी उपाय किए गए हैं, लेकिन चालकों की लापरवाही और तेज रफ्तार अभी भी प्रमुख कारण बने हुए हैं।
हाल के दिनों में NH-130 पर कई भीषण हादसे हो चुके हैं, जिसमें मौतें और गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का सम्मान करें।
ट्रैफिक पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा और हादसों को कम करने के लिए और सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















