मानिकपुर रेलवे कॉलोनी में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत

कोरबा।मानिकपुर रेलवे कॉलोनी मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल अस्पताल भिजवाया।

मृतक की पहचान 22 वर्षीय गौरव श्रीवास के रूप में हुई है, जो सीएसईबी क्षेत्र का निवासी था। गौरव पेशे से वीडियोग्राफर था और होली के अवसर पर मिले एक वीडियोग्राफी ऑर्डर के सिलसिले में चर्चा करने जा रहा था।

बताया जा रहा है कि वह मुड़ापार की ओर से टीपी नगर की तरफ जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार भारी वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। वाहन का पहिया उसके सिर पर चढ़ जाने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही उसके मित्र और परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस को घटनास्थल से एक लॉक मोबाइल फोन मिला। मृतक के अंगूठे का निशान लेकर मोबाइल अनलॉक किया गया, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नो-एंट्री खुलने के बाद इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है और वे अक्सर तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

भारी वाहनों को इस मार्ग पर प्रवेश देने के फैसले का ट्रक एसोसिएशन ने पहले ही विरोध किया था। एसोसिएशन ने आशंका जताई थी कि व्यस्त मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री से हादसे बढ़ेंगे और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।