कोरबा।जिले के 43,681 किसानों के खातों में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय की अंतर राशि के रूप में 200.81 करोड़ रुपये का एकमुश्त अंतरण किया गया। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी गई। इस अवसर पर सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड, कोरबा में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि किसानों के खातों में राशि का अंतरण उनके लिए दोहरी खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने वचन को निभाते हुए किसानों के परिश्रम का सम्मान किया है और उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।
इस दौरान मंत्री ने हरदीमहुवा, ग्राम देवपहरी निवासी कृषक सुखन साय कोरवा से संवाद कर योजना के लाभ की जानकारी ली। कृषक श्री कोरवा ने बताया कि वे प्राप्त राशि का उपयोग अपने आवास निर्माण कार्य में करेंगे। मंत्री ने सभी किसानों को होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में महापौर संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला पंचायत की कृषि समिति सदस्य सुस्मिता कुमारी सहित जनपद अध्यक्ष, सरपंच संघ के प्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
सरकार की योजनाएं बनीं किसानों का सुरक्षा कवच
किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जबकि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदा या फसल क्षति की स्थिति में सुरक्षा कवच उपलब्ध कराती है।
इसके अतिरिक्त सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण और भूमिहीन किसानों के सशक्तिकरण के लिए भी विभिन्न योजनाएं लागू हैं, जो किसानों की आय वृद्धि और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
जिले के किसानों के खातों में 200.81 करोड़ रुपये की यह अंतर राशि न केवल उनकी पारिवारिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक होगी, बल्कि कृषि निवेश और सामाजिक-आर्थिक उन्नति का भी मार्ग प्रशस्त करेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















