कोरबा।राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 14 मार्च 2026 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत जिला न्यायालय कोरबा, तहसील विधिक सेवा समिति कटघोरा, करतला एवं पाली तथा समस्त राजस्व न्यायालयों में एक साथ लोक अदालत आयोजित होगी।
आगामी लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा श्री संतोष शर्मा ने जिला न्यायालय परिसर के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से बाह्य न्यायालयों के न्यायिक अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में निर्देश दिए गए कि 5 से 10 वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर समझौते हेतु लोक अदालत में रखा जाए। साथ ही अधिकतम प्रकरण चिन्हित कर आपसी सहमति से त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
नेशनल लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक मामले, बैंक प्रकरण, लिखत पराक्राम्य अधिनियम की धारा 138 के मामले, वसूली प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण एवं अन्य व्यवहार वाद शामिल किए जाएंगे।
बैठक में प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश कटघोरा श्रीमती मधु तिवारी, तृतीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश कटघोरा श्री हेमंत कुमार रात्रे, द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश कटघोरा श्री शीलू सिंह सहित विभिन्न न्यायालयों के न्यायिक मजिस्ट्रेट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
