कोरबा।जिले के सभी शासकीय सीएचसी, पीएचसी, मिनी पीएचसी और आरोग्यधाम केंद्रों को समय पर खोलने तथा चिकित्सकीय स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पतालों में समयबद्ध जांच और उपचार सुनिश्चित करना डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ की जिम्मेदारी है, जिससे क्षेत्र के मरीजों को सीधा लाभ मिले।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मलेरिया, कुष्ठ, सिकलसेल स्क्रीनिंग, आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी, उच्च जोखिम गर्भवती (एचआरपी), मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण, एनसीडी, एनक्यूएएस, आरबीएसके, एनआरसी सहित अन्य योजनाओं की स्थिति पर चर्चा की गई।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की जांच और उपचार समय पर हो तथा स्टाफ की उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। टीबी के संदिग्ध मरीजों की जांच और उपचार में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने जांच किट की कमी होने पर शासन को तत्काल पत्र भेजने के लिए सीएमएचओ को कहा। सैंपलिंग के बाद समय पर नोटिफिकेशन जारी करने और डीबीटी भुगतान में सुधार लाने पर भी जोर दिया गया।
एक्स-रे जांच की संख्या कम पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और वल्नरेबल आबादी की शत-प्रतिशत एक्स-रे जांच सुनिश्चित करने के साथ अप्रैल माह के अंत तक एक्स-रे जांच में 20 प्रतिशत वृद्धि करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला टीबी एवं कुष्ठ अधिकारी, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित सभी खंड चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
