बाउंड्री वॉल ढही, मलबे में दबकर डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत;दो युवक गंभीर

लक्ष्मण बन तालाब के पास निर्माणाधीन फ्लैट के पीछे हादसा, कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर चक्का जाम

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मण बन तालाब के निकट निर्माणाधीन आवासीय फ्लैट के पीछे खाली जमीन पर बनी बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर तीन लोग घायल हो गए।

इनमें डेढ़ वर्षीय मासूम गणेश कर्ष की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जेसीबी मशीन से कार्य के दौरान लापरवाही और उपेक्षा के कारण दीवार कमजोर हो गई थी, जिससे यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मासूम को बचाया नहीं जा सका।

बालक की मौत की खबर फैलते ही परिजन और बस्तीवासियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य असावधानीपूर्वक किया जा रहा था, जिसकी शिकायत पहले भी की गई थी।

घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोग थाना कोतवाली पहुंचे और जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

इसके बाद आक्रोशित नागरिकों ने ओवरब्रिज और मुख्य मार्ग पर बैठकर आवागमन रोक दिया। समाचार लिखे जाने तक मुख्य मार्ग पर लोगों का जमावड़ा लगा हुआ था और यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।