महापंचायत में कोल खनन के खिलाफ ग्रामीणों की हुंकार: जल्के में जमीन-जल-जंगल बचाने का संकल्प

कोरबा। कोरबा जिले के पसान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जल्के में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) द्वारा आयोजित महापंचायत में ग्रामीणों ने प्रस्तावित कोयला खनन परियोजना के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज किया।

क्षेत्रीय विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम के निर्देश और जिला पंचायत सदस्य तथा जिलाध्यक्ष विदवान सिंह मरकाम के मार्गदर्शन में हुई इस महापंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीण, आदिवासी और स्थानीय निवासी शामिल हुए।

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी कीमत पर उनकी जमीन, जल स्रोतों और जंगलों को नुकसान पहुंचाने वाली कोल खनन परियोजना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खनन कार्य आगे बढ़ाया गया तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन धरना और अन्य आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों का कहना था कि खनन से पर्यावरणीय तबाही, आजीविका का संकट और विस्थापन जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होंगी, जिसे वे कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

महापंचायत में गोंगपा युवा मोर्चा जिला संगठन मंत्री विनोद कुमार आरमो, ब्लॉक उपाध्यक्ष मुकेश पोया, मनोज कुमार मरावी, भुवनपाल सिंह पेन्द्रो, धरमपाल सिंह मरकाम, शिवकुमार श्याम, मंगल सिंह ओलाड़ी, सुखनंदन सिंह पुहुप, नरेंद्र राज, रामभरोष आयम, बुधराम मसराम, गणेश उईके, रघुनाथ मसराम, कौशिक पुलस्त, विजय पुहुप, राहुल कुरूम, शंकर ओलाड़ी, संतोष मसराम, रामप्रसाद पंडो, परमेश्वरी पंडो, दिलकुंवर पंडो, राजेन्द्र कमरो सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह महापंचायत कोरबा जिले में कोयला खनन के बढ़ते विरोध का एक और उदाहरण है, जहां ग्रामीण ‘जल- जंगल- जमीन’ बचाने के लिए एकजुट हो रहे हैं। गोंगपा के नेतृत्व में ऐसे आयोजन स्थानीय मुद्दों पर जनमत जुटाने और सरकार पर दबाव बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।