पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष सहित 550 कर्मियों ने थामा इंटक का दामन, एटक को बड़ा झटका

कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के कुसमुण्डा क्षेत्र में मजदूर राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एटक यूनियन को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष बी.एल. महंत (राजवीर) के नेतृत्व में पदाधिकारियों सहित 550 सदस्यों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देकर इंटक से संबद्ध एसईकेएमसी यूनियन का दामन थाम लिया।

जानकारी के अनुसार, 15 फरवरी को एटक कुसमुण्डा क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद 66 पदाधिकारियों ने उनके समर्थन में सामूहिक इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 22 फरवरी को आदर्श नगर कुसमुण्डा स्थित सामुदायिक भवन में एसईकेएमसी (इंटक) यूनियन का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया।

सम्मेलन के दौरान बी.एल. महंत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कामगारों ने इंटक की सदस्यता ग्रहण की। इस घटनाक्रम को कुसमुण्डा क्षेत्र की यूनियन राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में इंटक कुसमुण्डा के पदाधिकारी निर्मल कुमार चंद्रा, उवैश अहमद, हरि महाकुण्ड, सचदेव, सूरज सागर, केपी विश्वकर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

कुसमुण्डा क्षेत्र में इस सामूहिक बदलाव के बाद यूनियन समीकरणों में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है।