23 फरवरी से शुरू होगी योनेक्स सनराइज 24वीं छत्तीसगढ़ स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप

एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना में 79 इवेंट में दिखेगा प्रदेशभर के खिलाड़ियों का दमखम

कोरबा। 23 से 27 फरवरी तक शहर में बैडमिंटन का रोमांच देखने को मिलेगा। योनेक्स सनराइज 24वीं छत्तीसगढ़ स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन (केडीबीए) के तत्वावधान में किया जा रहा है। पांच दिवसीय यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता नगर निगम कॉलोनी स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना में आयोजित होगी।

टूर्नामेंट के मुकाबले एरिना के भव्य डबल बैडमिंटन कोर्ट तथा मनोरंजन गृह के सिंगल कोर्ट पर खेले जाएंगे।

प्रतियोगिता में स्टेट चैंपियन बनने के लिए प्रदेशभर से 150 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। कुल 79 इवेंट में मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 35 प्लस से लेकर 75 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक पुरुष एवं महिला सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स स्पर्धाएं शामिल हैं।

प्रतियोगिता में 35 प्लस,40 प्लस,45 प्लस,50 प्लस, 55 प्लस,60 प्लस,65 प्लस,70 प्लस और 75 प्लस आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबले होंगे। अनुभवी खिलाड़ियों की भागीदारी से प्रतियोगिता में उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन देखने को मिलने की उम्मीद है।

केडीबीए के संरक्षक अशोक शर्मा एवं अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और नई युवा टीम पूरे उत्साह के साथ व्यवस्थाओं में जुटी हुई है। एरिना के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रतियोगिता को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

केडीबीए के सचिव मनीष गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स ने विश्वास जताया कि यह आयोजन खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए यादगार साबित होगा। अब सभी को 23 फरवरी से शुरू होने वाले मुकाबलों का इंतजार है।