ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग,नीचे खड़ी कार जलकर खाक

कोरबा। जिले के कटघोरा नगर के वार्ड क्रमांक 7 स्थित अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर शनिवार आधी रात बड़ा हादसा हो गया। यहां लगे बिजली ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।

आग की चपेट में आकर ट्रांसफॉर्मर के नीचे खड़ी एक कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात ट्रांसफॉर्मर से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

हालांकि दमकल विभाग की टीम समय पर नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते स्थानीय लोगों ने ही मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

इस घटना में पास के एक गैरेज संचालक को लगभग 1 से 1.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।