कम्युनिटी फर्स्ट क्रिकेट टूर्नामेंट: पताड़ी को हराकर कनकी बनी चैंपियन

वैभव कुमार पटेल मैन ऑफ द मैच, कल्याण सूर्यवंशी मैन ऑफ द सीरीज

कोरबा। अदाणी फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कम्युनिटी फर्स्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। पताड़ी गांव में 7 से 15 फरवरी तक चले इस टूर्नामेंट में आसपास के 24 गांवों की टीमों ने भाग लिया। फाइनल में कनकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पताड़ी को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

टूर्नामेंट का आयोजन कोरबा पावर लिमिटेड के सामाजिक सरोकारों के तहत ग्रामीण युवाओं को सकारात्मक दिशा में जोड़ने और खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया था। पूरे सप्ताह चले मुकाबलों में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और हर मैच में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

फाइनल मैच में पताड़ी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। कनकी के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए पताड़ी को 12 ओवर में 52 रन पर रोक दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनकी की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर 4 गेंद में 3 विकेट खोकर 54 रन बनाकर मैच जीत लिया।

कनकी के वैभव कुमार पटेल को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जबकि रिसदी के कल्याण सूर्यवंशी को पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज का खिताब मिला। सूर्यवंशी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और रिसदी के बल्लू साहू को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुष्मिता कमलेश अनंत रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पताड़ी के सरपंच प्रधान सिंह ठाकुर ने की।

कोरबा पावर लिमिटेड एवं अदाणी फाउंडेशन के पदाधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की बड़ी उपस्थिति में विजेता टीम कनकी को ट्रॉफी, मेडल और खेल सामग्री प्रदान की गई। उपविजेता पताड़ी एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीम रिशदी को भी सम्मानित किया गया।

अदाणी फाउंडेशन के इस आयोजन ने ग्रामीण अंचल में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। संस्था ‘कम्युनिटी फर्स्ट’ की भावना के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रही है।

इस सफल आयोजन ने पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना दिया और युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया।