खौलती दाल से झुलसी दो वर्षीय मासूम, इलाज के दौरान मौत

कोरबा।कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी शिव मंदिर गली में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घर के आंगन में खेलते समय सिगड़ी पर रखे दाल के बर्तन से टकराने के कारण खौलती दाल उसके शरीर पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई थी।

मृत बच्ची की पहचान आराधना के रूप में हुई है। वह शंकर सारथी और आरती सारथी की छोटी बेटी थी। परिवार में उसका एक बड़ा भाई भी है। घटना के समय शंकर घर पर ही मौजूद थे, जबकि आरती आंगन में सिगड़ी पर दाल पका रही थीं। बताया जा रहा है कि कुछ क्षण के लिए आरती कमरे के भीतर चली गईं। इसी दौरान खेलते-खेलते आराधना सिगड़ी के पास पहुंच गई और दाल से भरे बर्तन से टकरा गई। बर्तन पलटने से उबलती दाल उसके शरीर पर गिर गई।

मासूम की चीख सुनकर परिजन तुरंत बाहर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में निहारिका स्थित एक निजी अस्पताल ले गए।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पिता शंकर सारथी ने बताया कि हादसा अचानक खेलते समय हुआ और बच्ची बुरी तरह झुलस गई थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।