क्रिएटिव कार्नर के आर्टिस्टों को महापौर ने किया सम्मानित

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा सिटी ब्यूटीफिकेशन के अंतर्गत संचालित “क्रिएटिव कार्नर” अभियान से जुड़े कलाकारों को गुरुवार को सम्मानित किया गया। निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में आयोजित समारोह में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने आर्टिस्टों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृतिचिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन की विशेष उपस्थिति रही।

महापौर श्रीमती राजपूत ने कलाकारों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि सिटी ब्यूटीफिकेशन में उनकी सहभागिता से कोरबा को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में कोरबा देश में 8वें स्थान पर है, लेकिन कलाकारों के सहयोग से शहर को और आगे ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने आयुक्त श्री पाण्डेय की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उन्हें भी बधाई दी।

दिसंबर 2025 में हुई थी अभियान की शुरुआत
उल्लेखनीय है कि महापौर श्रीमती राजपूत एवं आयुक्त श्री पाण्डेय के मार्गदर्शन में दिसंबर 2025 में “क्रिएटिव कार्नर” अभियान का शुभारंभ किया गया था। सुभाष चौक से कोसाबाड़ी मार्ग की दीवारों पर थीम आधारित पेंटिंग कर शहर को आकर्षक स्वरूप दिया गया। महापौर व आयुक्त ने स्वयं ब्रश उठाकर अभियान की शुरुआत की थी। निगम एवं आर्टिस्ट ग्रुप ऑफ कोरबा के संयुक्त प्रयास से यह पहल आगे भी मुख्य मार्गों, संपर्क सड़कों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर जारी रहेगी।

आर्टिस्टों को मिला मंच: आयुक्त
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि “क्रिएटिव कार्नर” कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ी उपलब्धि का आधार बनते हैं। आगे प्रत्येक आर्टिस्ट के लिए पृथक गैलरी विकसित की जाएगी, जिसमें उनकी कलाकृतियों के साथ उनका परिचय एवं उपलब्धियां भी प्रदर्शित होंगी।

सराहनीय है कलाकारों का योगदान: सभापति
सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने कलाकारों के कार्य को अत्यंत सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि महापौर और आयुक्त की पहल से शहर की सुंदरता में सकारात्मक परिवर्तन दिख रहा है। वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन ने इसे निगम की अनूठी पहल बताते हुए कलाकारों को साधुवाद दिया।

गोल्डन वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की इच्छा
आर्टिस्ट मनीषा अग्रवाल एवं अंकिता सोनी ने निगम का आभार जताते हुए कहा कि जिस प्रकार स्वच्छता शपथ पर हस्ताक्षर कर कोरबा ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया, उसी प्रकार कोरबा के कलाकार भी अपनी कला के माध्यम से नया रिकॉर्ड स्थापित करना चाहते हैं। उन्होंने सब्जियों की रंगोली थीम पर विश्व रिकॉर्ड बनाने की इच्छा व्यक्त की।

इन कलाकारों को किया गया सम्मानित
समारोह में कुमकुम गुलहरे, अंकिता सोनी, अनिंदर कौर, सुमन कुमारी, जयकुमार साहू, मनीषा अग्रवाल, प्रशांत कौशिक, गौरी शंकर, कैलाश कुमार एवं संदीप कुमार सहित अन्य कलाकारों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ,स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी रावेन्द्र सिंह, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर सहित निगम के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस सम्मान समारोह ने न केवल कलाकारों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि कोरबा को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने के संकल्प को भी मजबूत किया।