कोरबा।एसईसीएल के कुसमुण्डा क्षेत्र में संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) के भीतर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। क्षेत्रीय अध्यक्ष बी.एल. महंत (राजवीर) के इस्तीफे के बाद अब संगठन को एक और बड़ा झटका लगा है।
संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) कुसमुण्डा क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार टंडन सहित कुल 66 पदाधिकारियों ने संगठन के सभी पदों एवं प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है।
इस्तीफा देने वालों में क्षेत्रीय खान सुरक्षा समिति के सदस्य विनय कुमार स्वर्णकार, आवास आबंटन समिति के सदस्य भूपेंद्र कुमार मेहर, खेलकूद एवं मनोरंजन समिति के सदस्य महेंद्रपाल यादव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पूरन लाल लाठिया, शंकर सिंह, कुसमुण्डा परियोजना अध्यक्ष महावीर पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष मंतोष कुमार, उपाध्यक्ष भीमसेन एवं शैलेन्द्र सिंह सहित क्षेत्रीय व परियोजना कार्यकारिणी के अनेक पदाधिकारी शामिल हैं।
पदाधिकारियों ने एसकेएमएस के केंद्रीय महामंत्री अजय विश्वकर्मा को प्रेषित पत्र में उल्लेख किया है कि एटक कुसमुण्डा क्षेत्र की संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर कई बार मौखिक एवं लिखित शिकायतें की गईं, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
त्यागपत्र में क्षेत्रीय सचिव अजीत कुमार सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि वे मजदूर हितों के बजाय एसईसीएल प्रबंधन के पक्षधर के रूप में कार्य कर रहे हैं।साथ ही केंद्रीय नेतृत्व की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
इस सामूहिक इस्तीफे से एटक संगठन में हड़कंप की स्थिति बन गई है और आने वाले समय में मजदूर राजनीति में बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















