कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर 1 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया गया। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर संजूदेवी राजपूत ने कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यों की शुरुआत की।
कार्यक्रम के तहत वार्ड क्रमांक 17 ढोढ़ीपारा भैंसखटाल स्थित काली मंदिर के समीप 20 लाख रुपये की लागत से मंगल भवन निर्माण का भूमिपूजन किया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 19 ढोढ़ीपारा के सामने स्थित बस्ती में क्षत्रिय राठौर समाज की मांग पर 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।

इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 34 दादरखुर्द बस्ती में कंकालिन मंदिर के सामने से जगन्नाथ मंदिर होते हुए मुख्य द्वार तक 1 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को जर्जर मार्ग से मुक्ति मिलेगी।
इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि नागरिकों की विकास संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना उनका प्रथम लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मंगल भवन और सामुदायिक भवन के निर्माण से स्थानीय लोगों को पारिवारिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थल उपलब्ध होगा। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सभी वर्गों के हित में कार्य कर रही है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।
महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि मंत्री श्री देवांगन के मार्गदर्शन में कोरबा शहर में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
वार्ड 17 के पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने मंगल भवन निर्माण को क्षेत्र की पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और भवन की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण का अनुरोध किया, जिस पर सकारात्मक आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















