कटघोरा वनमण्डल:जटगा रेंज के 48 हाथी चैतमा पहुंचे, तेलसरा गांव के आसपास मचा हड़कंप

कोरबा।कोरबा जिले के वन मंडल कटघोरा के जटगा रेंज में विचरण कर रहे 48 हाथियों का दल अब चैतमा रेंज के ग्राम तेलसरा के आसपास पहुंचने लगा है। हाथियों की गतिविधियों से ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है और फसल व संपत्ति की सुरक्षा के लिए लोग शोर मचाकर उन्हें गांवों से दूर भगा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि जटगा रेंज के कुटेशर-नगोई क्षेत्र के धोबीबारी में हाथियों ने कुछ मकानों को नुकसान पहुंचाया था। इसके बाद उनका मूवमेंट आसपास के इलाकों में भी देखा जा रहा है। वर्तमान में रबी फसल का समय होने के कारण ग्रामीण किसी भी प्रकार के नुकसान से बचने के लिए सजग हैं।

इधर कुदमुरा रेंज से 15 हाथियों का दल धरमजयगढ़ की ओर लौट गया है। फिलहाल वहां 12 हाथी विचरण कर रहे हैं। वन मंडल कोरबा क्षेत्र में भी 12 हाथियों की मौजूदगी बताई जा रही है। इनमें कुदमुरा के गुरमा क्षेत्र में एक दंतैल हाथी अकेले घूम रहा है, जबकि 11 हाथियों का दल करतला रेंज के चिकनीपाली क्षेत्र में है, जो अभी शांत बताया जा रहा है।

वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, ताकि जन-धन की हानि से बचाव किया जा सके।