कोरबा।पाली महोत्सव 2026 के अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज के मार्गदर्शन में एकीकृत बाल विकास परियोजना पाली द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक स्टॉल स्थापित किया गया। स्टॉल का मुख्य थीम प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर केंद्रित रहा, जिसे मॉडल के रूप में सुसज्जित कर प्रदर्शित किया गया।
स्टॉल में योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता, पंजीयन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं लाभ प्राप्ति की संपूर्ण जानकारी सरल एवं दृश्यात्मक माध्यम से प्रस्तुत की गई। आगंतुकों ने मॉडल के माध्यम से योजना की प्रक्रियाओं को समझा और उपस्थित पर्यवेक्षकों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
स्टॉल में “वजन त्यौहार” विषय पर विशेष कॉर्नर बनाया गया, जिसमें बच्चों के नियमित वजन मापन, कुपोषण की पहचान, ग्रोथ मॉनिटरिंग एवं पोषण परामर्श संबंधी जानकारी दी गई। आम नागरिकों, विशेषकर माताओं एवं अभिभावकों ने इसमें विशेष रुचि दिखाई। इसके अतिरिक्त महिला स्व-सहायता समूह द्वारा स्थापित किए जा रहे रेडी टू ईट यूनिट का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आमजनों को सुकन्या समृद्धि योजना, नोनी सुरक्षा योजना, महतारी वंदन योजना तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षकों ने योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया समझाते हुए हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।
महोत्सव के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्टॉल का निरीक्षण कर प्रदर्शित मॉडलों और योजनाओं की प्रस्तुति की सराहना की तथा विभागीय टीम को जनजागरूकता के इस प्रयास के लिए बधाई दी। साथ ही योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।
पाली महोत्सव में लगाए गए इस विभागीय स्टॉल ने जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना। बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्टॉल का अवलोकन कर विभागीय पहल की सराहना की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















