भैसमा कॉलेज में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब का गठन, रंगोली के जरिए बताया एसआईआर का महत्व
कोरबा।भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज 18 फरवरी को स्व. प्यारे लाल कंवर शासकीय महाविद्यालय भैसमा में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) का गठन किया गया। कार्यक्रम में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने आकर्षक रंगोली बनाकर इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा मतदान के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
सतीश प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में एसआईआर की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक युवा को एक जागरूक मतदाता के रूप में अपने मतदान केंद्र में नाम पंजीकृत कराना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए युवाओं से लोकतंत्र को सशक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. साधना खरे ने कहा कि स्वीप कार्यक्रम की गतिविधियों में महाविद्यालय सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और आगे भी सहयोग करता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक दीपेश कुमार ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ.जे.एल.चौहान,सहायक प्राध्यापक जितेंद्र कंवर,डॉ.अनुराधा तिर्की (महाविद्यालय स्वीप नोडल अधिकारी) सहित अन्य प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शत-प्रतिशत मतदान एवं मतदाता पंजीकरण के लिए जागरूकता फैलाने की शपथ ली।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















