कोरबा प्रेस क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट 2026: दूसरे दिन दो रोमांचक मुकाबले, कलेक्टर 11 और शिक्षा विभाग 11 ने दर्ज की शानदार जीत

कोरबा। स्व. केशव लाल मेहता की स्मृति में कोरबा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के दूसरे दिन घंटाघर मैदान पर दो जोरदार मुकाबले खेले गए। दोनों मैचों में दमदार प्रदर्शन देखने को मिला और क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ ने मैदान को उत्साह से भर दिया।

पहला मुकाबला: कलेक्टर 11 ने एसईसीएल दीपका को 21 रनों से हराया
मुख्य अतिथि इंटक केंद्रीय अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह और विशिष्ट अतिथि संदीप चौधरी रहे। गोपाल नारायण सिंह ने कोरबा प्रेस क्लब के इस सराहनीय आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रही है।

टॉस जीतकर कलेक्टर 11 ने पहले बल्लेबाजी चुनी और निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 107 रन बनाए। जवाब में एसईसीएल दीपका की टीम 5 विकेट पर 86 रन ही बना सकी। इस तरह कलेक्टर 11 ने 21 रनों से जीत हासिल की।
कलेक्टर 11 के उतरा ने 6 गेंदों में ताबड़तोड़ 18 रन बनाए और 2 विकेट भी चटकाए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला।

दूसरा मुकाबला: शिक्षा विभाग 11 ने वन विभाग 11 को 8 विकेट से रौंदा
इस मैच के मुख्य अतिथि वन विभाग के एसडीओ आशीष खेलवार और एसडीओ सूर्यकांत सोनी रहे। आशीष खेलवार ने कहा कि स्व. केशव लाल मेहता की स्मृति में प्रेस क्लब द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट बहुत सराहनीय है और प्रेस क्लब परिवार बधाई का पात्र है।

एसडीओ सूर्यकांत सोनी ने कहा कि पत्रकारिता के दायित्व के साथ-साथ ऐसे खेल आयोजन प्रेस क्लब की विशिष्ट पहचान बन चुके हैं। ऐसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को निखारने का शानदार अवसर देते हैं।

टॉस जीतकर शिक्षा विभाग 11 ने क्षेत्ररक्षण चुना। पहले बल्लेबाजी करते हुए वन विभाग 11 ने 10 ओवर में 3 विकेट पर 113 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए शिक्षा विभाग 11 ने 8.2 ओवर में मात्र 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

शिक्षा विभाग के मसूद हसन ने 16 गेंदों में 39 रन बनाए और 1 विकेट भी लिया। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

दोनों मैचों में उपस्थित अतिथियों ने मैन ऑफ द मैच के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में कोरबा प्रेस क्लब के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, पत्रकार बंधु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में उत्साह और खेल भावना का शानदार मेल देखने को मिला, जो इस आयोजन की लोकप्रियता का प्रमाण है।