यूपी जैसा बर्ताव हो सकता है प्रदेश में: डॉ. चरण दास महंत, मनरेगा मुद्दे पर कांग्रेस का आंदोलन तेज

कोरबा।मनरेगा और शंकराचार्य प्रकरण को लेकर कांग्रेस पार्टी का आंदोलन देशभर में तेज हो गया है। छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में जिस प्रकार कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट किया जा रहा है, उससे आशंका है कि जब छत्तीसगढ़ में मनरेगा को लेकर विधानसभा का घेराव किया जाएगा तो यहां भी वैसा ही व्यवहार किया जा सकता है।

डॉ. महंत ने आरोप लगाया कि सरकार शंकराचार्य के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि धर्म की राजनीति करने वाली भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि शंकराचार्य के खिलाफ कार्रवाई करने वालों पर कोई कदम क्यों नहीं उठाया जा रहा।

मनरेगा योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी द्वारा सर्वहारा वर्ग के उत्थान के लिए शुरू की गई इस योजना को केंद्र सरकार कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि यह योजना देश के करोड़ों मजदूरों के लिए रोजगार की गारंटी का माध्यम रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने जानकारी दी कि कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ में भी मनरेगा के समर्थन में आंदोलन कर रही है। इस आंदोलन का नेतृत्व करने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी भी प्रदेश आने वाले हैं।

डॉ. महंत ने कहा कि “विकसित भारत जी-रामजी” जैसी नई योजनाओं में रोजगार का स्वरूप स्पष्ट नहीं है। अलग-अलग एजेंसियों के माध्यम से आवश्यकता आधारित कार्य कराए जाने की बात कही जा रही है, जिससे सभी मजदूरों को रोजगार की गारंटी सुनिश्चित नहीं हो पाएगी। उन्होंने कहा कि किस मजदूर को कितने दिन काम मिलेगा, यह स्पष्ट नहीं है, इसलिए कांग्रेस पार्टी मनरेगा के विकल्प के रूप में लाई जा रही व्यवस्था का विरोध कर रही है।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि मजदूर हितों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा।