सड़क-नाली में गंदगी पर निगम सख्त, 10 हजार की पेनाल्टी; पिंक टॉयलेट की स्थिति का निरीक्षण

कोरबा।नगर निगम ने स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। कोरबा नगर निगम के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने ट्रांसपोर्टनगर जोन के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क और नाली में गंदगी एवं निर्माण सामग्री डालने के मामलों में संबंधितों पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

निरीक्षण के दौरान टीम डीडीएम रोड पहुंची, जहां भवन निर्माण एवं मरम्मत कार्य में उपयोग होने वाली गिट्टी, मलबा, ईंट और रेत सड़क एवं नाली में डाल दिए जाने से नाली का पानी बाधित हो रहा था और आवागमन प्रभावित हो रहा था। इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित पक्ष पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

टीम ने क्षेत्र में सफाई कार्य, सीटीपीटी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। टीपी नगर स्थित नए बस स्टैंड के सार्वजनिक शौचालय और पिंक टॉयलेट का निरीक्षण कर संचालन एजेंसी को एक सप्ताह के भीतर निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

स्पष्ट किया गया कि स्थिति में सुधार नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने तथा साफ-सफाई व्यवस्था में और कसावट लाने के निर्देश दिए। निगम कर्मियों को अतिक्रमण पर नजर रखने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए सतत निगरानी करने को कहा गया।