छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी लिमिटेड के तत्वावधान में प्राकृतिक चिकित्सा शिविर, 100 से अधिक लोग लाभान्वित

कोरबा।छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी लिमिटेड के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व के तत्वावधान में कोरबा पूर्व स्थित सीनियर क्लब में 6 से 11 फरवरी तक प्राकृतिक चिकित्सा एवं एक्यूप्रेशर शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 100 से अधिक लोगों ने लाभ उठाया। वहीं जूनियर क्लब में यह शिविर 17 फरवरी तक संचालित किया जा रहा है।

शिविर का शुभारंभ संजीव कंसल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुनील सरना, राजेश्वरी रावत, एल.एन. सूर्यवंशी एवं वरिष्ठ कल्याण अधिकारी सह मुख्य रसायनज्ञ गोवर्धन सिदार, साथ ही विशेषज्ञ थैरेपिस्ट मुकेश चौधरी और गुरूप्रीत सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर एक्यूप्रेशर रिसर्च ट्रेनिंग ट्रीटमेंट संस्थान, जोधपुर के विशेषज्ञ थैरेपिस्ट मुकेश चौधरी ने एक्यूप्रेशर के माध्यम से विभिन्न रोगों के उपचार और उसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिना औषधि के एक्यूप्रेशर, सुजोक एवं वाइब्रेशन थैरेपी के जरिए अनेक प्रकार की शारीरिक समस्याओं का उपचार संभव है।

मुख्य अतिथि संजीव कंसल ने कहा कि शरीर के विशिष्ट बिंदुओं को उत्तेजित करने से मस्तिष्क में रक्त प्रवाह बढ़ता है और मांसपेशियों का तनाव कम होता है, जिससे स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार देखा जाता है।

शिविर में बड़ी संख्या में कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।