चलती कार में लगी अचानक आग, चालक ने कूदकर बचाई जान; पेड़ से टकराकर थमी गाड़ी

कोरबा।जिले के कापा नवापारा (चोटिया) के जंगल रास्ते में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कार अम्बिकापुर की ओर से आकर बिलासपुर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान वाहन में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई।

चालक के कूदने के बाद बेकाबू कार सड़क से उतरकर एक पेड़ से टकराकर रुक गई। इस दौरान चालक के कपड़ों में भी आग लग गई थी, जिसे उसने किसी तरह बुझाकर खुद को सुरक्षित किया।

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को दी, लेकिन मदद पहुंचने में देरी होने पर चालक ने राह चलते बाइक सवार से लिफ्ट लेकर वहां से प्रस्थान किया।

घटना में किसी अन्य के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।