कोरबा।प्रेम प्रसंग में रंजिश की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कनकी (थाना उरगा) निवासी 21 वर्षीय विशु सारथी को उसकी प्रेमिका द्वारा मिलने के लिए बुलाए जाने के बाद कथित तौर पर युवती के भाई ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसा युवक जीवन बचाने के लिए पास के तालाब में कूद गया।
जानकारी के अनुसार विशु का प्रेम संबंध कटोद गांव (जिला जांजगीर-चांपा) निवासी एक युवती से पिछले तीन वर्षों से था। शनिवार शाम करीब पांच बजे युवती ने उसे गांव बुलाया था। आरोप है कि वहां पहुंचते ही युवती के भाई ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग की लपटों से घिरे विशु ने चीखते हुए पास के तालाब में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
अस्पताल चौकी पुलिस ने घायल युवक का बयान दर्ज कर लिया है। युवक ने पुलिस को बताया कि उसका युवती के साथ तीन साल से प्रेम संबंध था और उसी के बुलावे पर वह गांव पहुंचा था।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

