बुधवारी बाईपास में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, मासूम सहित चार घायल,दो की हालत गंभीर

कोरबा।मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग पर रविवार रात दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक पांच वर्षीय मासूम सहित चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार रात लगभग 8 बजे बुधवारी बाईपास स्थित श्रीवास भवन के पास यह दुर्घटना हुई। बुधवारी की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक पर दो युवक सवार थे, जबकि टीपी नगर की ओर से आ रही दूसरी बाइक पर पति-पत्नी और उनका मासूम बच्चा सवार था। दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे में पांच वर्षीय बच्चे को गंभीर चोट आई है, वहीं महिला के सिर पर चोट लगी है। दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवकों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि प्राथमिकता घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना था, जिसके बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।