सेवा भारती के 50वें दत्तक ग्रहण कार्यक्रम में एक और परिवार हुआ पूर्ण

कोरबा।विवेकानन्द सेवा सदन में सेवा भारती मातृछाया के तत्वावधान में आयोजित 50वें दत्तक ग्रहण कार्यक्रम के माध्यम से एक और परिवार को पूर्णता मिली। पारंपरिक गोद भराई की विधि से स्नेहपूर्वक एक बालक को परिवार को सौंपा गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतुल सिंह, महाप्रबंधक (खनन), SECL कुसमुंडा परियोजना सपत्नीक उपस्थित रहे। उन्होंने दत्तक ग्रहण को सामाजिक उत्तरदायित्व का श्रेष्ठ उदाहरण बताते हुए सेवा भारती के सेवा कार्यों की सराहना की।

मुख्य वक्ता विभाग सह संघ चालक किशोर बुटोलिया ने संगठन द्वारा संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सेवा कार्यों का विस्तार प्रत्येक बस्ती तक होना चाहिए और आवश्यकता के अनुरूप सेवा गतिविधियां प्रारंभ की जानी चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा भारती के अध्यक्ष एवं जिला संघ चालक डॉ. विशाल उपाध्याय ने की।

इस अवसर पर विद्या भारती के जुड़ावन सिंह ठाकुर, नगर संघ चालक अशोक तिवारी, विभाग कार्यवाह राम विलास पाल, जिला कार्यवाह कैलाश नाहक, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रारंभ करुण सिंह राजपूत के गीत से हुआ।

संचालन समिति के कोषाध्यक्ष गोविंद माधव ने किया तथा अंत में सचिव सुनील जैन ने आभार व्यक्त किया।