आयुष विभाग ने पंचकर्म से जटिल रोगों का किया उपचार

कोरबा।आयुष विभाग अंतर्गत स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा में राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत राष्ट्रीय संधिवात कार्यक्रम के अंतर्गत संधिवात, अस्थिगतवात, वातरक्त एवं अवबाहुक जैसे जीर्ण व कष्टसाध्य रोगों का आयुर्वेदिक पंचकर्म पद्धति से प्रभावी उपचार किया जा रहा है।

डॉ. उदय शर्मा ने बताया कि अस्थि-संधिगत रोगों की बढ़ती समस्या को ध्यान में रखते हुए केंद्र में पंचकर्म चिकित्सा के माध्यम से जनकल्याणकारी पहल संचालित की जा रही है।

इसका उद्देश्य आमजन को सुरक्षित और प्रभावी आयुर्वेदिक उपचार पद्धति से अवगत कराना तथा प्रारंभिक जांच के माध्यम से रोगों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना है।

स्पेशलाइज्ड थेरेपी सेंटर कटघोरा में रोगियों की विस्तृत जांच, परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। पंचकर्म के अंतर्गत स्नेहन, स्वेदन, कटिबस्ती, जानूबस्ती, मात्रावस्ति, नस्य, विरेचन एवं शिरोधारा जैसी पारंपरिक प्रक्रियाओं के माध्यम से अनेक जटिल एवं दीर्घकालिक रोगों का उपचार किया गया है।

आंकड़ों के अनुसार, विगत वर्ष केंद्र में कुल 5399 पंचकर्म प्रक्रियाओं का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। आयुष विभाग के अनुसार, कटघोरा स्थित यह केंद्र जीर्ण एवं कष्टसाध्य रोगों के उपचार में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहा है।