पति ने चरित्र संदेह पर पत्नी, माँ और बहन पर धारदार हथियार से किया जानलेवा हमला, पत्नी की हालत नाजुक

कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नहर किनारे वैष्णव मंदिर के पास शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पति ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी, मां और बहन पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार आरोपी रामेश्वर साहू ने अपनी पत्नी सुक्रिता पर पहले हमला किया। विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां और बहन को भी उसने नहीं बख्शा और उन पर भी वार कर दिया। घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह घायलों को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया।

घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पत्नी सुक्रिता की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

इस संबंध में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी रामेश्वर साहू की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।