महामृत्युंजय मंदिर में 12 से पंचदिवसीय लघु रुद्र यज्ञ, नागा सन्यासी अखिलेश पुरी महाराज रहेंगे उपस्थित

कोरबा।महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर कोरबा के निगम कॉलोनी स्थित महामृत्युंजय शिव मंदिर में 12 से 16 फरवरी तक पंचदिवसीय लघु रुद्र यज्ञ एवं रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान में नागा सन्यासी अखिलेश पुरी महाराज की विशेष उपस्थिति रहेगी।वे पंचायती अखाड़ा दशनाम संप्रदाय से जुड़े हुए हैं।

मंदिर के पुजारी अभिषेक गिरी गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर परिसर में अखिलेश पुरी महाराज का धूना भी स्थापित किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ 12 फरवरी को कलश यात्रा के साथ होगा, जिसके पश्चात यज्ञ एवं शिव महापुराण कथा प्रारंभ की जाएगी।

इस पंचदिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में यज्ञाचार्य के रूप में बनारस के पंडित नागेंद्र पाण्डेय द्वारा विधिवत यज्ञ संपन्न कराया जाएगा। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।