खड़ी बाइक में लगी आग, पेट्रोल टंकी फटने से मची अफरा-तफरी

कोरबा।जिले के सर्वमंगला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़निया में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां सड़क किनारे खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि बाइक चालक मादक पदार्थों के सेवन के कारण नशे की हालत में वाहन के पास ही सो रहा था।

जानकारी के अनुसार युवक सर्वमंगला की ओर से अपने गृहग्राम पड़निया जा रहा था। नशे की वजह से उसने बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी और वहीं बेसुध होकर सो गया। इसी दौरान उसकी बाइक में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पेट्रोल टंकी फटने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तभी वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर जलती हुई बाइक और उसके पास सो रहे युवक पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए युवक को जलती बाइक से दूर हटाया।

हालांकि, कुछ ही मिनटों में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलने पर चालक के परिजनों को मौके पर बुलाया गया और नशे में बेसुध युवक को किसी तरह घर पहुंचाया गया। यदि समय रहते राहगीरों ने युवक को वहां से नहीं हटाया होता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के दौरान मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने भी दमकल विभाग को सूचना देना जरूरी नहीं समझा।