विलोपित सूची से हटे नाम, अब नहीं होगा मौन प्रदर्शन

कोरबा।एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से नाम विलोपित किए जाने को लेकर उत्पन्न विवाद का समाधान रविवार को प्रशासन और सुन्नी मुस्लिम जमात कोरबा के बीच हुई बैठक में हो गया। तहसील कार्यालय कोरबा में आयोजित इस बैठक के बाद संगठन ने 9 फरवरी को प्रस्तावित मौन प्रदर्शन स्थगित कर दिया है।

बैठक में प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि पूर्व में दर्ज किए गए सभी नाम विलोपित सूची से हटा दिए गए हैं। इस पर सुन्नी मुस्लिम जमात ने संतोष व्यक्त करते हुए आंदोलन का निर्णय वापस ले लिया।

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कोरबा सरोज महिलांगे, तहसीलदार बजरंग साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, रामपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं सुन्नी मुस्लिम जमात की ओर से सदर हाजी अखलाख खान असरफी, जनरल सेक्रेटरी जुम्मन खान रिजवी, कार्यवाहक अध्यक्ष हकीम खान, मेमन जमात के सदर अमीन शेखनी सहित मकसूद आलम, तौफीक खान, सरवर हुसैन खान, शेख मंसूर, अशरफ अली, रिजवान खान समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

बैठक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जहां आपसी संवाद के माध्यम से समाधान निकालते हुए दोनों पक्षों ने संतोष जताया।