कोरबा।कोरबा जिले के बरपाली स्थित अंग्रेजी एवं देशी शराब दुकान में ग्राहकों को चिल्हर के बदले टोकन थमाए जाने का मामला सामने आया है। दुकान में 10 और 20 रुपये के टोकन चलाए जा रहे हैं, जिससे न केवल ग्राहकों में नाराजगी है, बल्कि पूरी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हरे रंग का टोकन 10 रुपये और नीले रंग का टोकन 20 रुपये का बताया जा रहा है। दुकान कर्मचारियों द्वारा चिल्हर नहीं होने का हवाला देकर ग्राहकों को ये टोकन दिए जाते हैं। आरोप है कि इसके बाद ग्राहकों पर दुकान से ही चखना लेने का दबाव बनाया जाता है, ताकि वे अन्य दुकानों का रुख न कर सकें।
ग्राहकों का कहना है कि जो लोग टोकन लेने से इनकार करते हैं, उनके साथ मनमानी की जाती है। इससे आम उपभोक्ता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि मुद्रा के स्थान पर टोकन चलाना नियमों के विरुद्ध है और इससे पारदर्शिता पर भी सवाल उठता है।
बताया गया है कि उक्त शराब दुकान में ऑल ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें एक सुपरवाइजर, दो सेल्समैन और एक मल्टी वर्कर शामिल हैं। कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या केवल बरपाली तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले की अन्य शराब दुकानों में भी इसी तरह की व्यवस्था अपनाई जा रही है। इस संबंध में आबकारी अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















