बालको जोन को 2.17 करोड़ की सौगात,मंत्री देवांगन ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण- भूमिपूजन

कोरबा।केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने रविवार को बालको जोन के विभिन्न वार्डों में कुल 2 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 47 के शिवनगर बिरसामुंडा मोहल्ला में 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 47 अंतर्गत शिवनगर बिरसामुंडा बस्ती में 30 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली एवं सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।

बालको जोन के विभिन्न स्थानों पर 1 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से 8 आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कराया गया है। वहीं वार्ड क्रमांक 39 अंतर्गत रिंग रोड से रोहित घर तक एवं रिंकी घर से विबल साहू घर तक 41 लाख 66 हजार रुपये की लागत से ओपीव्हीसी पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया गया है।

इसके अलावा वार्ड क्रमांक 47 के पॉलिटेक्निक कॉलेज बस्ती क्षेत्र में 16 लाख 48 हजार रुपये की लागत से ओपीव्हीसी पाइप लाइन बिछाई जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि वार्डवासियों एवं आम जनता की मांग और आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्य कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कोरबा नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं है और जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति मिल रही है, जिससे शहर में तेजी से विकास हो रहा है।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि कोरबा के विकास के लिए राज्य सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है। पिछले दो वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए भारी राशि स्वीकृत की गई है, जिससे शहर को नई गति मिल रही है।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद, एमआईसी सदस्य, निगम अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।