मां की मौत का सदमा नहीं झेल पाया बेटा, चूहामार दवा खाकर दे दी जान

कोरबा।हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहरियामुड़ा में मां की मौत के सदमे से जूझ रहे एक कॉलेज छात्र ने आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम मोहरियामुड़ा निवासी गनपत लाल मनहर अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका 19 वर्षीय पुत्र विक्रम कुमार मनहर बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। बताया गया कि विक्रम की मां सिया बाई का 10 अक्टूबर 2025 को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। इसके बाद से विक्रम गहरे अवसाद में चला गया और उसने कॉलेज जाना भी बंद कर दिया।

परिजनों द्वारा उसका चिकित्सकीय उपचार भी कराया गया, लेकिन उसकी मानसिक स्थिति में सुधार नहीं हो सका।

शुक्रवार सुबह विक्रम ने घर में रखी चूहामार दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर अस्पताल पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दुखद घटना से परिवार सहित गांव में शोक व्याप्त है।