कोरबा।गौ-वंश के सांस्कृतिक, धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराने के उद्देश्य से कोरबा जिले में गौ विज्ञान परीक्षा का द्वितीय चरण जिला स्तर पर रविवार को आयोजित किया गया। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग 300 स्कूलों से चयनित 400 से अधिक विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल हुए।
परीक्षा का आयोजन सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल, सीएसईबी बुधवारी में किया गया, जहां 50 ऑब्जर्वरों ने परीक्षा की निगरानी की। आयोजन गौ-संवर्धन समिति एवं गौ-सेवा गतिविधि के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। दोनों संगठन लंबे समय से गौ-सेवा एवं गौ-संवर्धन के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न माध्यमों से जनसामान्य को गाय के महत्व से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि समिति ने जिले के 300 स्कूलों तक पहुंच बनाकर संबंधित साहित्य के माध्यम से गौ विज्ञान की अवधारणा को विद्यार्थियों तक पहुंचाया। इससे पहले प्रथम चरण की परीक्षा स्कूल स्तर पर आयोजित की गई थी, जिसमें प्रतिभागियों की संख्या के आधार पर 1 से 3 विजेताओं का चयन किया गया। इन्हीं विजेताओं को जिला स्तरीय परीक्षा में भाग लेने का अवसर मिला। कुछ विद्यालयों में वैकल्पिक रूप से अभिभावक एवं शिक्षक भी परीक्षा में शामिल हुए।
द्वितीय चरण की परीक्षा में विद्यार्थियों से देश की संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और गौ-वंश के वैज्ञानिक महत्व से जुड़े प्रश्न पूछे गए। परीक्षा में शामिल सभी सहभागियों को गौ-संवर्धन समिति एवं गौ-सेवा गतिविधि की ओर से पंचगव्य से निर्मित उत्पाद देकर प्रोत्साहित किया गया।
परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। गौ-संवर्धन व गौ-सेवा गतिविधि से जुड़े प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश अग्रवाल एवं लालिमा जायसवाल ने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय गौ विज्ञान परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में परीक्षा के स्वरूप को और अधिक परिष्कृत किया जाएगा तथा विद्यार्थियों के साथ-साथ जनसामान्य को गौ विज्ञान से जोड़ने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















