सजग कोरबा–सतर्क कोरबा अभियान के तहत पुलिस सख्त, 12 आदतन बदमाशों पर कार्रवाई, 3 जेल भेजे

कोरबा।जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस ने सजग कोरबा–सतर्क कोरबा अभियान के तहत बीती रात रात्रि चेकिंग एवं कांबिंग गश्त अभियान चलाया। इस दौरान गंभीर किस्म के अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

अभियान के तहत जिलेभर में गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की सघन जांच की गई। पुलिस ने उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त न होने की कड़ी चेतावनी दी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पूर्व से आदतन अपराधी पाए गए 12 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 129 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

इसके अलावा, संदिग्ध अवस्था में घूमते पाए गए 03 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 128 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 02 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून- व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए सजग कोरबा–सतर्क कोरबा अभियान के अंतर्गत इस तरह की सख्त और प्रभावी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।