कोरबा।धान बेचकर मेहनत की कमाई जुटाने वाले एक किसान के घर चोरों ने धावा बोल दिया। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छातापाठ में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने किसान के घर से धान बिक्री की रकम, सोने-चांदी के जेवरात और बाइक चोरी कर ली। घटना के वक्त घर के सभी सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे।
पीड़ित किसान गंगाराम पटेल ने बताया कि उनके खेत में इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार हुई थी, जिसे स्थानीय उपार्जन केंद्र में बेचकर उन्हें लगभग 2 लाख रुपए मिले थे। यह रकम उन्होंने घर में रखी थी। देर रात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी से करीब 2 लाख रुपए नकद, लगभग 1 तोला सोना, 2 जोड़ी पायल, चांदी के आभूषण, एक वेट मशीन और आंगन में खड़ी होंडा शाइन बाइक चोरी कर ली।
सुबह जब गृहस्वामी के भाई की नींद खुली तो अलमारी खुली मिली और सामान बिखरा पड़ा था। बाहर आंगन में खड़ी बाइक भी गायब थी। इसके बाद परिजनों ने तत्काल 112 पर सूचना दी और उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गांव में पूछताछ की जा रही है और आसपास के संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। जांच के बाद ही चोरी की परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी।
बैंक अधिकारी के घर चोरी मामले में भी जांच जारी
इधर मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत दादरखुर्द में एसबीआई के महाप्रबंधक नवनीत नाथ के घर हुई चोरी के मामले में भी पुलिस की जांच जारी है। पुलिस को कुछ अहम इनपुट मिले हैं, जिनके आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, हालांकि अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















