कोरबा।कोरबा जिले में बढ़ते सड़क हादसों की रोकथाम के लिए ट्रैफिक पुलिस ने जनवरी माह में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान जहां एक ओर यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया, वहीं दूसरी ओर दुर्घटनाओं को कम करने के लिए व्यावहारिक उपाय भी किए गए।
एडिशनल एसपी लखन पटले एवं एसपी सिटी प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में ट्रैफिक पुलिस के फील्ड स्टाफ ने कोसाबाड़ी से मेडिकल कॉलेज सुर झगरहा तक सड़क किनारे लगे पेड़ों पर रेडियम पट्टियां लगाईं और पेंटिंग कराई।
इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में मवेशियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनकी सींगों पर भी रेडियम पट्टियां लगाई गईं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रात्रि के समय वाहनों की रोशनी पड़ते ही ये रेडियम पट्टियां चमक उठती हैं, जिससे वाहन चालकों को आगे की स्थिति का पूर्व संकेत मिल जाता है और दुर्घटनाओं की आशंका कम होती है। यह तकनीक सड़क हादसों को टालने में कारगर साबित हो रही है।
असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर ट्रैफिक मनोज राठौर ने बताया कि इस अभियान में ट्रैफिक टीम के सभी सदस्यों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य है कि किसी भी परिस्थिति में जनहानि न हो और लोगों की जान सुरक्षित रहे। इसी लक्ष्य को लेकर यह अभियान चरणबद्ध तरीके से आगे भी जारी रहेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















