कोरबा।हरदीबाजार अंतर्गत नेवसा ग्राम पंचायत में पदस्थ आधार ऑपरेटर द्रौपती केंवट पर हरदीबाजार क्षेत्र में निजी भवन से अवैध रूप से आधार सेवा केंद्र संचालित करने का गंभीर आरोप लगा है। इस संबंध में हरदीबाजार तहसील परिसर में कार्यरत आधार ऑपरेटर जगत राम राठौर ने तहसीलदार अभिजीत राजभानु को लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार हरदीबाजार मुख्य मार्ग पर स्थित एक निजी भवन में ‘स्मृति आधार सेवा केंद्र’ के नाम से बिना वैधानिक अनुमति के आधार सेवाएं संचालित की जा रही हैं। जबकि नियमानुसार नेवसा ग्राम पंचायत में पहले से ही अधिकृत आधार सेवा केंद्र मौजूद है।
मामले को और गंभीर बनाते हुए शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अवैध केंद्र की संचालिका द्वारा उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है। आईडी ब्लैकलिस्ट कराने की बात कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया गया है, जिससे उनके कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है।
शिकायत में मांग की गई है कि अवैध रूप से संचालित ‘स्मृति आधार सेवा केंद्र’ को तत्काल बंद कराया जाए तथा आधार सेवाओं का संचालन केवल अधिकृत स्थान नेवसा में ही सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संबंधित संचालिका के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में तहसीलदार अभिजीत राजभानु ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में आधार सेवाओं की वैधता और प्रशासनिक निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















