घर के सामने खड़ी बाइक चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। कोतवाली कोरबा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 114/26 के तहत धारा 303(2), 3 एवं 5 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद असलम सिद्दीकी (59 वर्ष), निवासी अटल आवास राताखार, कोरबा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 03 फरवरी 2026 की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच उन्होंने अपनी रॉयल एनफील्ड हंटर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BQ 8550 को घर के सामने लॉक कर खड़ा किया था। नमाज अदा कर लौटने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। आसपास काफी खोजबीन करने के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। चोरी गई मोटरसाइकिल की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई गई है।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर शुभम खत्री को तलब कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने भाई आकाश मेहेन और साथी राकेश यादव के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी की गई मोटरसाइकिल को रेलवे स्टेशन पार्किंग में खड़ी करना बताया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शुभम खत्री (23 वर्ष), पिता स्व. अनिल खत्री, निवासी संजय नगर, कोरबा; आकाश मेहेन (28 वर्ष), पिता स्व. अनूप महल, निवासी लक्ष्मण वन तालाब; तथा राकेश यादव (26 वर्ष), पिता शंकर यादव, निवासी लक्ष्मण वन तालाब शामिल हैं।

उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई, जिसमें प्रधान आरक्षक एवं अन्य आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।