फेयरवेल की आड़ में जानलेवा स्टंट,कटघोरा पुलिस ने नाबालिग छात्रों को लगाई फटकार

चलती कार से बाहर लटककर सायरन बजाते दिखे छात्र, वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप

कोरबा।फेयरवेल पार्टी के नाम पर किए जा रहे खतरनाक स्टंट अब जानलेवा रूप लेते जा रहे हैं। कटघोरा क्षेत्र के एक निजी स्कूल के छात्रों ने फेयरवेल मनाने से पहले चलती कार की खिड़कियों से बाहर लटककर जोखिम भरा स्टंट किया, जिससे आमजन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में छात्र कार से बाहर लटकते हुए सायरन बजाते और ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आए। इस लापरवाही से सड़क पर चल रहे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान को बड़ा खतरा उत्पन्न हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला और लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।

स्टंट के बाद संबंधित छात्र किसान मेला स्थल पहुंचे, जहां भी उन्होंने शरारत करने की कोशिश की, लेकिन मीडिया की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही एक छात्रा ने अन्य छात्रों को बाहर निकलने से रोक दिया।

मामले की जानकारी मिलते ही कटघोरा पुलिस तत्काल स्कूल पहुंची और संबंधित छात्रों को थाने बुलाकर कड़ी फटकार लगाई। इस दौरान कुछ छात्रों ने पुलिस से बहस करने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने उन्हें कानून की गंभीरता समझाई।

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की किसी भी हरकत पर वाहन जब्त किए जाएंगे तथा अभिभावकों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि कोरबा जिले में फेयरवेल और जन्मदिन जैसे आयोजनों के नाम पर स्टंटबाजी, चाकू-तलवार का प्रदर्शन और अराजक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पुलिस कुछ मामलों में उदाहरणात्मक सख्ती बरते, तो इससे स्पष्ट संदेश जाएगा और ऐसे कृत्यों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।