उरगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध स्क्रैप यार्ड पर छापा, 30 लाख का लोहा जब्त, यार्ड सील

कोरबा। कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के तहत कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर उरगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना उरगा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरबसपुर बायपास रोड स्थित एक अवैध स्क्रैप यार्ड पर दबिश दी गई।


पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्क्रैप यार्ड में चोरी से संबंधित हाइवा, ट्रेलर एवं ट्रक के पुर्जों सहित भारी मात्रा में लोहे का सामान अवैध रूप से संग्रहित किया गया है।

छापेमारी के दौरान यार्ड संचालक मौके पर मौजूद मिला, लेकिन वह जब्त सामग्री से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने लगभग 1200 टन ट्रेलर की मंडी, डाला बॉडी एवं अन्य लोहे का सामान जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। नगर निगम की टीम द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार कर स्क्रैप यार्ड को सील कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।