कोरबा। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संबंधित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को कृषक समृद्धि से जुड़े निर्धारित सूचकांकों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने हेतु मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आगामी वर्ष के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कृषि विभाग को सभी पात्र किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन पूर्ण कराने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं किसान क्रेडिट कार्ड निर्माण के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही आरएईओ को लक्ष्य आबंटित कर गांव-गांव में किसान चौपाल शिविर आयोजित करने एवं उनका शेड्यूल तय करने को कहा।
किसान चौपालों में आधार सीडिंग, भूमि सीडिंग, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण, विभागीय योजनाओं के तहत पात्र किसानों की पहचान और लक्ष्यपूर्ति को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने हेतु किसानों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने, जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर नियुक्त कर आरएईओ एवं रिसोर्स पर्सन को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने अगले एक वर्ष में प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों को एक फसल से द्वि-फसल लेने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में ऑयलसीड, रामतिल, कोदो, रागी जैसे मिलेट्स की खेती के क्षेत्र विस्तार, इंटरक्रॉपिंग को प्रोत्साहन, नए कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के गठन, पॉली बैग एवं शेडनेट खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत केज कल्चर, तालाब-डबरी निर्माण, पशुपालन विभाग को कृत्रिम गर्भाधान व टीकाकरण अभियान के लक्ष्यों की पूर्ति, सिंचाई रकबा बढ़ाने तथा स्टोरेज एवं कोल्ड स्टोरेज प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग सहित कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी, जल संसाधन विभाग, लीड बैंक, नाबार्ड एवं कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















