मुख्य पाइपलाइन लीकेज से कई इलाकों में पानी आपूर्ति ठप, सुधार कार्य जारी

कोरबा ।कोरबा नगर निगम की जल प्रदाय व्यवस्था एक बार फिर से बुरी तरह प्रभावित हो गई है। कोहड़िया क्षेत्र में मुख्य पाइपलाइन में बड़े पैमाने पर लीकेज होने के कारण ओवरहेड टैंकों तक पानी नहीं पहुंच सका, जिससे शहर के कई इलाकों में आज सुबह से जलापूर्ति पूरी तरह बंद हो गई।

नगर निगम का मुख्य जलोपचार संयंत्र कोहड़िया में स्थित है, जहां से पानी शुद्धिकरण के बाद विभिन्न ओवरहेड टैंकों तक पहुंचाया जाता है। इसके बाद निर्धारित शेड्यूल के अनुसार आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई की जाती है।

लेकिन कोहड़िया के मुख्य मार्ग पर एक स्थान पर अज्ञात कारणों से मुख्य पाइपलाइन में बड़ा लीकेज हो गया। इस लीकेज से भारी मात्रा में पानी लगातार बहता रहा, जिसके चलते ओवरहेड टैंक पर्याप्त स्तर तक नहीं भर सके और आगे की आपूर्ति प्रभावित हुई।

परिणामस्वरूप नगर निगम क्षेत्र के बड़े हिस्से में पानी की आपूर्ति ठप रही। स्थानीय निवासियों को पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नगर निगम की जल प्रदाय शाखा के तकनीकी अमले ने समस्या की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारियों के निर्देशन में यह काम तेजी से चल रहा है।

कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह ने बताया कि खराबी को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए पूरी टीम जुट गई है और हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जल आपूर्ति शीघ्र बहाल हो सके।

शहरवासियों से अपील की जा रही है कि वे पानी का संयमित उपयोग करें और समस्या के समाधान तक वैकल्पिक व्यवस्था अपनाएं। नगर निगम का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही सामान्य आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।